सहारनपुर की स्वाभिमान रैली में जयंत चौधरी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों का विरोध करते-करते समाजवादी चौधरी अजित सिंह का भी विरोध करने लगे हैं। उन्होंने गन्ना नियंत्रण आदेश, खांडसारी यूनिट, गन्ना भाव और एथेनॉल नीति पर भी अपनी बात रखी।
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर कृषि इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित राष्ट्रीय लोकदल की स्वाभिमान रैली में रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके विरोध में किसान और किसानी का विरोध करते-करते समाजवादी लोग अब चौधरी अजित सिंह का भी विरोध करने लगे हैं।
विज्ञापन
जयंत चौधरी ने किसानों से जुड़े मुद्दों, गन्ने के भाव, खांडसारी यूनिट, गन्ना नियंत्रण आदेश और एथेनॉल नीति पर भी विस्तार से अपनी बात रखी।
‘किसान बहुमत में, लेकिन राजनीतिक लॉबी कमजोर’
जयंत चौधरी ने कहा कि किसान बहुमत में है और उसके बल पर सरकारें बनती-बिगड़ती हैं, लेकिन देश की कठोर हकीकत यह है कि राजनीतिक गलियारों में किसान की लॉबी कमजोर है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से किसानों को अपना वकील मजबूत चुनना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनावी माहौल को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और पार्टी की दिशा में मजबूती से काम करने की जरूरत है।
जयंत चाैधरी की स्वाभिमान रैली
- फोटो : अमर उजाला
‘योगी किसान के लिए नरम’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि सत्ता और व्यवस्था के खिलाफ खड़े होने वालों के लिए योगी बेहद सख्त हैं, लेकिन किसान के लिए उनका दिल नरम है। उन्होंने कहा कि जब उनके विधायक गन्ने के रेट और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलते हैं तो मुख्यमंत्री कहते हैं, ‘मैं भी किसान हूं।’
गन्ने के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना
जयंत चौधरी ने कहा कि विपक्ष में रहकर कई ऐसी बातें कही जाती हैं, जिनसे चार अतिरिक्त वोट मिल जाएं, लेकिन गन्ने के मुद्दे पर बात करने को वे तैयार नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद इसकी वजह यह है कि उन्हें अभी भी रसगुल्ला दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर विपक्ष को चिट्ठी भी लिखेंगे और अगर वे राजी हुए तो लखनऊ एक अच्छा रसगुल्ले का पैकेट भी भेजेंगे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता भी किसान है, लेकिन उत्पादक किसान के हितों की कीमत पर उपभोक्ता को बहाना नहीं बनाया जा सकता। उत्पादक किसान का हित भी सुरक्षित रहना चाहिए।
सहारनपुर में जयंत चाैधरी की स्वाभिमान रैली
- फोटो : अमर उजाला
खांडसारी यूनिट और कोल्हू के मुद्दे पर सरकार के फैसले का जिक्र
जयंत चौधरी ने गन्ना नियंत्रण आदेश-2026 में प्रस्तावित संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें चीनी मिल की 25 किलोमीटर की परिधि में कोल्हू या खांडसारी यूनिट लगाने के लिए अनुमति और संबंधित चीनी मिल मालिक से एनओसी लेने का प्रावधान बताया गया था।
उन्होंने कहा कि इसका असर किसानों के विकल्पों पर पड़ता। जब चीनी मिल समय पर भुगतान नहीं करती या किसान किसी परेशानी में होता है तो उसके पास अपनी फसल को कोल्हू या खांडसारी यूनिट के जरिये बेचने का विकल्प रहता है। उनके मुताबिक ये यूनिट किसानों को वैकल्पिक बाजार और कमाई का रास्ता देती हैं।
‘प्रस्ताव वापस लिया गया’
जयंत चौधरी ने दावा किया कि किसानों से मिले सुझावों के बाद सरकार ने प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी और उसे वापस ले लिया। उन्होंने इसे सरकार के मजबूत नेतृत्व का उदाहरण बताया और कहा कि बहुमत होने के बावजूद यदि कोई फैसला देश और किसानों के हित में उचित नहीं है तो सरकार उस पर पुनर्विचार करने को तैयार है।
जयंत चाैधरी की स्वाभिमान रैली
- फोटो : अमर उजाला
किसानों के सुझाव प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने का दावा
जयंत चौधरी ने कहा कि गन्ना नियंत्रण आदेश में संशोधन के लिए किसानों से सुझाव मांगे गए थे। मेरठ के इकड़ी में हुई सभा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि किसानों से प्रस्तावित कानून की अच्छाइयों और कमियों दोनों पर सुझाव देने की अपील की गई थी।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में किसानों के सुझाव मिले हैं और इन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाया गया है। सरकार का प्रयास है कि किसानों की राय को नीति निर्माण में शामिल किया जाए।
गन्ना उत्पादन और किसानों की कमाई का जिक्र
जयंत चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ने का उत्पादन 2016-17 में करीब 1,400 लाख टन था, जो अब बढ़कर करीब 2,400 लाख टन हो गया है। उन्होंने गन्ने की रिकवरी में भी सुधार का दावा किया।
उन्होंने कहा कि किसानों ने नई किस्मों और बेहतर कृषि पद्धतियों को अपनाकर जोखिम लिया, जिसका लाभ उन्हें बेहतर कमाई के रूप में मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि गन्ना किसानों को करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में पहुंचाए गए हैं।
जयंत चाैधरी की स्वाभिमान रैली
- फोटो : अमर उजाला
‘गन्ने का रेट भी 400 पार होना चाहिए’
जयंत चौधरी ने 2026-27 के गन्ना सत्र के भाव का जिक्र करते हुए अपने चुनावी अभियान की बात भी कही। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुले तौर पर कहा था कि अगर सीटें 400 पार होंगी तो गन्ने का रेट भी 400 पार होगा।
चीनी और रसगुल्ले की कीमतों पर विपक्ष को घेरा
जयंत चौधरी ने कहा कि विपक्ष चीनी, रसगुल्ले और गुलाब जामुन महंगे होने की बात करता है, लेकिन किसान की लागत और उसकी आय की चर्चा नहीं करता। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता का हित जरूरी है, लेकिन उत्पादक किसान के हित की कीमत पर ऐसा नहीं होना चाहिए।
सहारनपुर में जयंत चाैधरी की स्वाभिमान रैली
- फोटो : अमर उजाला
एथेनॉल नीति के विरोध पर भी निशाना
जयंत चौधरी ने एथेनॉल नीति के विरोध को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान मक्का, धान और गन्ना बेचता है और यदि इनसे एथेनॉल बनता है तो इससे देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत होती है और किसान की फसल को अतिरिक्त बाजार मिलता है।
उन्होंने कहा कि किसानों को पता है कि एथेनॉल से उन्हें नुकसान नहीं, बल्कि बाजार का एक अतिरिक्त विकल्प मिलता है। साथ ही उन्होंने कहा कि चौधरी अजीत सिंह ने भी अपने राजनीतिक जीवन में एथेनॉल के पक्ष को मजबूती से उठाया था।
‘NDA मजबूत है और आगे भी मजबूत रहेगा’
जयंत चौधरी ने कहा कि राजग गठबंधन मजबूत है और आगे भी मजबूत रहेगा। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच देश की अर्थव्यवस्था के सामने चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों में रहने वाले बच्चों, युवाओं, छोटे किसानों और छोटे उद्यमियों के लिए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना है।
रैली में परिवार के साथ पहुंचे जयंत
जयंत चौधरी अपनी पत्नी चारू चौधरी और बेटी के साथ स्वाभिमान रैली में पहुंचे। मंच पर चारू चौधरी और उनकी बेटी भी मौजूद रहीं। रैली स्थल पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटती रही।