सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर क्षेत्र में फतेहपुर पुलिस ने सोमवार रात कुछ घंटों के अंतराल में दो अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान दो हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। हालांकि दोनों के एक-एक साथी मौके से फरार हो गए।
पहली मुठभेड़ में कलीम गिरफ्तार
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर मुनीष चंद्र के अनुसार पहली मुठभेड़ थाना अध्यक्ष विनय शर्मा के नेतृत्व में कमेशपुर पुलिया से रजापुर करालटी मार्ग पर हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोकश कलीम के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से बाइक, तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। कलीम पर थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: UP: मुजफ्फरनगर में बड़ी वारदात, मां पर चाकू से हमला, 4 साल की बेटी को पानी के टैंक में डुबोकर मार डाला
दूसरी मुठभेड़ में रहमान दबोचा गया
दूसरी मुठभेड़ फतेहपुर कलसिया मार्ग से जीवाला जाने वाले रास्ते पर वरिष्ठ उप निरीक्षक भूपेंद्र शर्मा की टीम के साथ हुई। यहां पुलिस की कार्रवाई में बदमाश रहमान घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से भी बाइक, तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ है। रहमान के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
दोनों घायल बदमाशों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।