क्षतिग्रस्त पिकअप और गठरी में साढ़े 20 लाख रुपये।
- फोटो : अमर उजाला
गंगोह-तीतरो मार्ग पर झाड़वन गांव के समीप घने कोहरे में अनियंत्रित ट्रक और मेरठ के पशु व्यापारियों की पिकअप के बीच हुई टक्कर हो गई। पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिकअप में सवार दो अन्य व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है। इस दुर्घटना के बाद पिकअप से लगभग 20 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें राहगीरों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के पिकअप चालक सद्दाम, पशु व्यापारियों आसिफ और तारिक को लेकर गंगोह स्थित पशु पैठ में खरीदारी के लिए आया था। सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान झाड़वन गांव के निकट सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पिकअप में फंसे घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान, पिकअप चालक सद्दाम ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आसिफ और तारीक का इलाज चल रहा है।
राहगीरों की तत्परता और सतर्कता से पिकअप गाड़ी से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। यह राशि लगभग 20 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है, जो पशु व्यापारियों की थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल इस रकम को पुलिस को सौंप दिया, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है। इस हृदयविदारक घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
ये भी देखें...
चाची की हत्या: पूजा से नफरत करता था भतीजा शिवा, गोली मारकर सीधा पहुंचा थाने, तमंचा दिखाते हुए ये बोला