मेरठ एसटीएफ को सहारनपुर और शामली में हथियार सप्लाई किए जाने का इनपुट मिला था। जांच की तो अवैध असलहों की तस्करी का मामला सामने आया। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मेरठ की एसटीएफ ने मिर्जापुर थाना क्षेत्र में अवैध असलाह तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए तीन अंतरराज्यीय असलाह तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। एसटीएफ की जांच में सामने आया कि तस्कर पंजाब के अमृतसर से हथियार लाकर सहारनपुर, शामली समेत वेस्ट यूपी के कई जिलों में सप्लाई कर रहे। इनके खिलाफ मिर्जापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन
Trending Videos
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ मेरठ बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में टीम ने बृहस्पतिवार को थाना मिर्जापुर क्षेत्र में छापा मारा। यहां टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम निवासी मोहल्ला पिलखनतला कोतवाली मंडी, इकराम निवासी गांव बड़ी माहेश्वरी थाना चिलकाना और दानिश निवासी कस्बा नकुड़ के रूप में हुई है।
एसटीएफ की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से एक पंप एक्शन 12 बोर, दो बंदूक 12 बोर, एक बंदूक 315 बोर, तीन एयर गन, एक तमंचा 12 बोर और एक तलवार बरामद की गई। इसके अलावा 12 बोर के 425 कारतूस भी मिले हैं। बड़ी संख्या में कारतूस की बरामदगी को देखते हुए एसटीएफ आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त और इनके संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्लैक स्कॉर्पियो कार भी बरामद हुई है। एसटीएफ के मुताबिक, तस्कर अवैध तस्करी के धंधे में करीब दो साल से लगे हुए थे। पंजाब के अमृतसर से कम दामों में हथियार लाते थे। इसके बाद उन्हें सहारनपुर, शामली और वेस्ट यूपी के कई जिलों में सप्लाई करते थे।
नेटवर्क खंगालने में जुटी एसटीएफ
एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं। इसके साथ ही अन्य सदस्यों और दूसरे राज्यों में इनके संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और हथियारों की तस्करी से जुड़े पुराने मामलों की भी जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक आरोपी पूर्व में पकड़ा जा चुका है।
ये बोले अधिकारी
मिर्जापुर थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने के मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। सभी के खिलाफ मिर्जापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। - बृजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ मेरठ