साखन नहर में करीब 14 साल की किशोर का शव मिला। पुलिस ने आकर जांच की, मगर उसकी पहचान नहीं हो सकी। उसने लाल रंग की टी-शर्ट व गहरे नीले रंग का लोअर पहना हुआ है। हाथों पर मेहंदी लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम से मौत के कारणों का पता चलेगा।
स्टेट हाईवे स्थित साखन नहर में बुधवार को किशोरी का शव पड़ा मिला। प्राथमिक जांच में गले और शरीर पर निशान मिले हैं। आशंका है कि किशोरी की किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव यहां लाकर फेंका गया है। क्योंकि नहर पिछले काफी दिनों से सूखी पड़ी है और उसमें इतना पानी भी नहीं है, जिसमें डूबने से किशोरी की मौत हो सके। देर शाम तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।
विज्ञापन
कुछ ग्रामीण दोपहर के समय नहर के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने किशोरी का शव पड़ा देखा। पता चलने पर सीओ अमित कुमार सिंह और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे, जिस जगह किशोरी का शव पड़ा था, वहां पर करीब एक फुट पानी था। हालांकि किशोरी का चेहरा पानी के बाहर था। पुलिस ने शव को पानी से निकाला और उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किया। फॉरेंसिक टीम ने शव के आसपास बारीकी से जांच की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
किशोरी की उम्र 14 वर्ष के आसपास है और उसने लाल रंग की टी-शर्ट व गहरे नीले रंग का लोअर पहना हुआ है। हाथों पर मेहंदी लगी हुई है। जबकि उसके पैरों से चप्पल गायब थी और लोअर की एक जेब बाहर निकली हुई थी। गले और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।
कुछ घंटे पहले ही शव फेंके जाने की आशंका
शव को देखकर लग रहा था कि वह ज्यादा पुराना नहीं है, जो कुछ घंटे पहले का ही है। वहीं स्थानीय लोगों का भी कहना है कि जिस जगह पर शव मिला है वहां से हर समय लोगों का आवागमन रहता है। आशंका जताई जा रही है कि शव बरामद होने से कुछ घंटे पहले ही यहां लाकर फेंका गया हो।
700 मीटर दूर तक नहीं सीसीटीवी कैमरा
साखन नहर के आसपास किसी तरह की कोई आबादी नहीं है, जिस कारण 700 मीटर के क्षेत्र में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। हालांकि पुलिस मार्ग पर बने होटल और ढाबों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया गया है कि नहर में पिछले काफी समय से पानी भी नहीं छोड़ा गया है, जिस कारण वह पूरी तरह सूखी पड़ी है।
ये बोले एसपी
शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। हत्या समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस कई टीमें गठित कर दी है। जल्दी ही शव की पहचान करा दी जाएगी। - मयंक पाठक, एसपी देहात, सहारनपुर।