सहारनपुर मार्ग पर कुम्हारहेड़ा में बस से कुचलकर बाइक सवार दीपशिखा (22) पुत्री सुरेंद्र त्यागी की मौत हो गई, जबकि उसका भाई राहुल गंभीर रुप से घायल हो गया। युवती एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका थी।
चिलकाना थाने के गांव गोवर्धनपुर निवासी दोनों भाई-बहन अपनी बड़ी बहन से मिलने के लिए रुड़की जाने को घर से बाइक पर निकले थे। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में गांव कुम्हारहेड़ा के पास उनकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवती सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रही बस ने युवती को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहुल को पुलिस ने राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरोड़ा भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल में भेज दिया। दीपशिखा गांव के ही प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी। अभी शादी नहीं हुई थी। हादसे का पता लगते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दीपशिखा की तीन बहनें और तीन भाई
दीपशिखा चार बहनें और तीन भाई हैं। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। तीन भाई में से दो की शादी हो गई। हादसे में घायल राहुल की अभी शादी नहीं हुई है। राहुल ने हेलमेट लगाया हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई।
प्राइवेट नौकरी करता है राहुल
सड़क हादसे में घायल राहुल मंगलौर में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर लेकर घर पहुंचा था। परिजनों ने मुआवजे दिलाने की मांग की है।