कोतवाली नकुड़ गांव तिरपड़ी निवासी ईश्वर चंद ने एंटी करप्शन थाने में शिकायत की थी। बताया था कि डीआईओएस कार्यालय का स्टेनो अजय कुमार निवासी खलासी लाइन बच्चों का एडिशमन यू-डायस पोर्टल पर इंपोर्ट कराने की एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। इसके बाद कर्मचारी को पकड़ने के लिए एंटी करप्शन ने जाल बिछाया। दो गवाह लिए गए। शुक्रवार शाम शिकायतकर्ता ईश्वर चंद ने कार्यालय में आशु लिपिक को पांच हजार रुपये की रिश्वत दी तो टीम ने आरोपी को पकड़ लिया।
कार्यालय में कर्मचारी पर कार्रवाई होने से हड़कंप मच गया। आरोपी को टीम गिरफ्तार कर थाना सदर बाजार ले आई। वहां पर उसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया। एंटी करप्शन थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपी पीड़ित को कई दिनों से चक्कर कटा रहा था। यू-डायस पोर्टल पर एडमिशन इंपोर्ट नहीं कर रहा था। आरोपी कागजों में भी कमी निकाल देता था। एक दिन आरोपी ने काम करने की एवज में पांच हजार रुपये की मांग की थी। इससे परेशान होकर ईश्वर चंद ने एंटी करप्शन थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी।