देवबंद के भायला कलां गांव में प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग उखाड़ने का मामला प्रकाश में आया है। जैसे ही पुलिस तक यह जानकारी पहुंची तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष बना हुआ है।
बृहस्पतिवार को भायला कलां गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर से शरारती तत्व शिव लिंग उखाड़ कर ले गए। देर शाम जब ग्रामीण पूजा पाठ करने के लिए मंदिर पहुंचे तो शिव लिंग गायब मिला। जानकारी मिलने पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
सूचना पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीण प्रवीण और विशाल राणा ने बताया कि शरारती तत्व सचिवालय के सामने स्थित प्राचीन शिव मंदिर से शिव लिंग को उखाड़ कर ले गए, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
आरोप लगाया कि सूचना देने के कई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आशंका जताई कि शिव लिंग को उखाड़ कर ले जाने वाले शरारती तत्व आसपास के ही रहने वाले हैं। प्रधान देवेंद्र राणा का कहना है कि घटना को लेकर अभी ग्रामीण शांत हैं, लेकिन अगर जल्द दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा।
सीओ रविकांत पाराशर का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है। मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तार करे पुलिस: पंडित सतेंद्र
श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का कार्य कर माहौल खराब करने का प्रयास है।