रातों रात बना दी गई सड़क
गांव नागलमाफी में जिला पंचायत द्वार के पास खराब पड़ी सड़क को प्रशासन ने रातों रात बनाकर तैयार करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि शाम तक यहां कच्चा और टूटा रास्ता था, लेकिन सुबह होते होते वहां पक्की सड़क तैयार मिल गई।
सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क को देखा तो वे हैरान रह गए। लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह सड़क खराब हालत में थी, लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने इसे दुरुस्त करा दिया।
दोपहर तक पहुंच सकते हैं मुख्यमंत्री
अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के दोपहर करीब ढाई बजे तक शाकंभरी पहुंचने की संभावना है। यहां वे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना भी करेंगे। प्रशासन का कहना है कि सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए।