उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में खनन माफिया व पूर्व एमएलसी हाजी के इकबाल के पुत्र व गैंगस्टर एक्ट और जमीन कब्जाने, डकैती सहित कई मामलों के आरोपी अफजाल को मिर्जापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अफजाल सोमवार को ही जमानत पर छूटकर आया था। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि मिर्जापुर पोल निवासी खनन माफिया व पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला के पुत्र अफजाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, जालसाजी, जमीन कब्जाने, डकैती, मारपीट करने के आरोप में थाना मिर्जापुर व बेहट कोतवाली में कई मामले दर्ज हैं।
एक सूचना के आधार पर मिर्जापुर पुलिस ने सोमवार की रात देहरादून रोड पर जिला कारागार के पास से अफजाल को गिरफ्तार किया है। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: Baghpat: पांच साल से अवैध रूप से बनाए जा रहे थे पटाखे, हादसे के बाद जागे अधिकारी
पहले भी गया था जेल
अफजाल को गैंगस्टर और जमीन कब्जाने के मामले में मिर्जापुर पुलिस ने गत पांच जून को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बताया जा रहा है कि इस मामले में अफजाल को जमानत मिल गई थी। सोमवार को ही वह जमानत पर छूटकर आया था। पुलिस ने अब अफजाल को डकैती के मामले में पकड़ा है।
यह भी पढ़ें: Agniveer recruitment: मुजफ्फरनगर में भर्ती कल से, सेना के हवाले स्टेडियम, प्रशासन ने कसी कमर, बदला रूट