रामपुर मनिहारान में प्रेस वार्ता करते पूर्व विधायक मनोज चौधरी
- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा की प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर चल रही रस्साकशी थमने का नाम नहीं ले रही है। अब पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने प्रेस वार्ता कर दावा किया कि हाईकोर्ट ने अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा की प्रबंध समिति के चुनाव तीन माह के अंदर कराने के निर्देश सहायक रजिस्ट्रार सोसाइटीज चिट्स फंड सहारनपुर को दिए हैं।
बता दें कि अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा की प्रबंध समिति के गत वर्ष हुए चुनाव में चौधरी देवराज सिंह अध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किए गए थे। पूर्व विधायक मनोज चौधरी इस चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे। चुनाव के बाद पूर्व विधायक दूसरे पक्ष पर करीब 1200 वोट कटवाने का आरोप लगाते हुए सहायक रजिस्ट्रार सोसाइटीज चिट़स फंड के यहां शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर सहायक रजिस्ट्रार ने एक माह के अंदर फिर से चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। इस निर्णय के खिलाफ चौ. देवराज सिंह पक्ष हाईकोर्ट चला गया था। वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली थी।
इस प्रकरण पर सोमवार को पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता की। इसमें उन्होंने बताया कि वे चुनाव कराने संबंधी आदेश के लिए हाईकोर्ट गए थे। हाईकोर्ट ने सहायक रजिस्टर सोसाइटीज चिट्स फंड सहारनपुर को चुनाव के संबंध में प्रमाणित कापी प्राप्त होने के तीन माह के भीतर नियम अनुसार चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि यह सच्चाई की जीत हुई है। उधर, अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह ने फोन पर बताया कि उनके पास अभी कोई जानकारी नहीं है । सभा की प्रबंध समिति के चुनाव निर्धारित समय पर होंगे।