देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव तैय्यबपुर में नहाने समय नौ वर्षीय अलीना के नहर के तेज बहाव में बह गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय पुलिस प्रशासन भी तुरंत हरकत में आया और गोताखोरों की मदद से लापता बालिका की तलाश शुरू कराई। हालांकि, अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका है।
जानकारी के अनुसार, तैय्यबपुर गांव निवासी नौ वर्षीय अलीना अपनी बड़ी बहन इल्मा के साथ गांव से गुजर रही नहर पर नहाने गई थी। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान अलीना अचानक गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते तेज बहाव में समा गई। अपनी छोटी बहन को इस तरह बहाव में लापता होता देख बड़ी बहन इल्मा ने शोर मचाया और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अलीना के परिवारजन और गांव के अन्य लोग बड़ी संख्या में नहर के किनारे पहुंच गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को भी सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया। गोताखोरों की एक टीम लगातार नहर के पानी में बच्ची की तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए रुड़की से आ रही नहर के पानी के बहाव को भी कम कराया गया है। अलीना के तेज बहाव में बह जाने की खबर से परिजनों में गहरा सदमा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा गांव इस दुखद घटना से स्तब्ध है और बच्ची की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहा है। बचाव दल हर संभव प्रयास कर रहा है ताकि अलीना को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।
ये भी देखें...
Muzaffarnagar: ट्रक से टकराया बाइक पर बंधा बैग, टायरों से कुचलकर बाप-बेटे और भांजे की मौत, खून से सना हाईवे