नकुड़। जल प्रदूषण को लेकर एनजीटी के आदेश पर विशेषज्ञों ने कस्बे के तालाबों से पानी के नमूने लेकर जल जीव व पेड़-पौधों के लिए तालाब के पानी की गुणवत्ता परखी।
शुक्रवार को दोपहर बाद पालिका अध्यक्ष शाहनवाज खान के साथ दिल्ली की जेएस वाटर एनर्जी लाइफ कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रथम सिंह की टीम ने नगर के मामूवाला, ढोबरा व सुजातपुरा स्थित तालाबों से पानी के नमूनों की जांच की। प्रथम सिंह ने बताया कि जांच का मुख्य उद्देश्य तालाबों के पानी में आक्सीजन का स्तर, हानिकारक तत्वों की जांच करना है। तालाबों के पानी में हानिकारक तत्वों की बढ़ोतरी के चलते जलीय जीव, पशु पक्षियों व कीट पतंगों, तितलियों आदि के जीवन चक्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद पानी का ट्रीटमेंट कर इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाने की योजना है। इस अवसर पर ईओ सुनील कुमार सरोज, वरिष्ठ लिपिक सुशील सैनी व प्रोजेक्ट टीम में सहायक प्रोजेक्ट मैनेजर मोहित सिंह, अमजद अली आदि रहे।