सुशांत की फाइल फोटो और उसका लगाया गया स्टेटस।
- फोटो : अमर उजाला
थाना नागल के गांव सूभरी ख्वाजा निवासी सुशांत (21) की अपनी ससुराल के गांव फतेहपुर के शाहपुरा में मौत हो गई। मौत से पांच दिन पहले युवक ने अपने स्टेटस पर पत्नी से परेशान होकर मरने की बात कही थी। परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। ऐसे में बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
सुशांत की दो साल पहले जुलाई 2024 में शाहपुरा निवासी युवती के साथ साथ हुई थी। शादी के बाद से ही सुशांत अपनी ससुराल के गांव शाहपुरा में रह रहा था। वहां पास के गांव पठलोकर में उसने परचून की दुकान कर रखी थी, जबकि उसकी पत्नी ने ब्यूटी पार्लर खोल रखा था।
परिजनों ने बताया कि तीन माह पहले उसने दुकान बंद कर दी थी तथा हरिद्वार में एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी शुरू कर दी थी। नौकरी करने के बाद भी वह ससुराल ही ज्यादा रहता था। गांव सूभरी ख्वाजा कभी कभार ही आता था। छह मई को सुशांत ने अपने फोन पर स्टेटस भी लगाया था, जिसमें उसने पत्नी से परेशान होने की बात कहते हुए मरने की बात लिखी थी। किसी को कुछ भी न कहने का अनुरोध किया था। इसके बाद परिजनों ने उससे बात की थी तो लगा था कि उसने अवसाद में ऐसा लिखा है और अब मामला ठीक हो गया है।
सोमवार को ससुराल के गांव शाहपुरा में सुशांत की मौत हो गई। इससे पहले उसे ससुरालियों ने गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया था। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। सुशांत के पिता की तीन साल पहले मौत हो गई थी। एक छोटा अविवाहित भाई है जो मां के साथ गांव में रहता है। परिवार के पास केवल एक बीघा जमीन है।
सीओ सदर मुनीष चंद ने बताया कि परिजनों ने मामले में उच्च अधिकारियों से मिलकर जांच की मांग की थी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर बाहरी चोटों के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में उसका बिसरा सुरक्षित रखा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
UP: महिला आरक्षण पर सियासी टकराव, सपा सांसद इकरा हसन के आवास पर महिलाओं का धरना, जमकर नारेबाजी