बरामदे में काम कर रही थी बेटी
मामला कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र का है। राज्य कर विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात राजीव कुमार शाक्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी के के-147 में प्रथम तल पर किराये पर रहते हैं।
बुधवार रात करीब आठ बजे एक युवक उनके घर के बाहर पहुंचा। युवक की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष बताई गई है और उसने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। उसके हाथ में पिस्टल थी। उस समय राजीव कुमार शाक्य की बेटी घर के बाहर बरामदे में कुछ काम कर रही थी।
बेटी को पिस्टल दिखाकर अंदर चलने को कहा
आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी को पिस्टल दिखाते हुए घर के अंदर चलने के लिए कहा। बेटी के चिल्लाने पर उसकी मां बाहर आई और युवक से पूछा। आरोप है कि युवक ने महिला को भी पिस्टल दिखाकर घर के अंदर जाने के लिए धमकाया।
शोर मचाने पर सीढ़ियों से भागा आरोपी
परिवार के दोनों सदस्यों के शोर मचाने पर राजीव कुमार शाक्य कमरे से बाहर आए। उन्हें बाहर आता देखकर युवक सीढ़ियों से नीचे उतरकर भाग गया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।