सहारनपुर जनपद के गागलहेड़ी क्षेत्र में कैलाशपुर के पास सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल इखलाक (38) को पुलिस ने पीआरवी की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
मंगलवार को एक ट्रक सहारनपुर से देहरादून की ओर जा रहा था। ट्रक को मुसव्वर पुत्र हामीद हसन निवासी ग्राम खनपुरा, थाना गागलहेड़ी चला रहा था। कैलाशपुर के पास पहुंचने पर सड़क पार कर रहे इखलाक पुत्र इस्लाम निवासी गप्पन रोड, कैलाशपुर ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल इखलाक को पीआरवी की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया तथा शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सदर पवन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में अकेले कमाने वाले थे इखलाक
इखलाक पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। वह लुधियाना में वेल्डिंग का काम करते थे और इसी से परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार में वही अकेले कमाने वाले थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।