सहारनपुर। भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले सहारनपुर से इस बार भी किसी नेता को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई। भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में एक बार फिर सहारनपुर को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। संगठन से जुड़े कुछ लोगों का मानना है कि जिले की संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी योगदान के बावजूद उपेक्षा समझ से परे है।
दरअसल, सहारनपुर को पिछली बार वर्ष 2016 में प्रदेश स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली थी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं वर्तमान राज्यमंत्री जसवंत सैनी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था। वर्ष 2019 तक उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश संगठन में जिले की मजबूत भागीदारी बनी रही। इसके बाद घोषित दोनों प्रदेश कार्यकारिणियों में सहारनपुर का कोई बड़ा चेहरा जगह नहीं बना सका। नई कार्यकारिणी जारी होने से पहले जिले के कई नेताओं के नाम प्रदेश पदों के लिए चर्चा में बताए जा रहे थे। कार्यकर्ताओं को भी उम्मीद थी कि संगठन विस्तार के दौरान सहारनपुर को प्रतिनिधित्व मिलेगा, लेकिन अंतिम सूची में जिले का नाम शामिल नहीं होने से उम्मीदों पर पानी फिर गया।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सहारनपुर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है। यहां भाजपा का मजबूत जनाधार होने के साथ संगठन लगातार सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीतियों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में प्रदेश संगठन में जिले की अनदेखी को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता इसे संगठन का आंतरिक निर्णय बताते हुए भविष्य में जिले को उचित प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।
सहारनपुर हमेशा महत्वपूर्ण रहा है और आगे भी रहेगा। यह पार्टी का आंतरिक निर्णय है। इसमें भेदभाव की बात नहीं है। जिले को राज्यमंत्री से लेकर अन्य कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पहले से मिली हुई है। अभी क्षेत्रीय कार्यकारिणी भी बनाई जानी है।
- अजीत सिंह राणा, जिलाध्यक्ष भाजपा