छुटमलपुर में हेड कांस्टेबल द्वारा सड़क पर गाड़ी खड़ी करने से रोकने पर भाजपा नेता का बेटा आपा खो बैठा। उसने हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इसी दौरान वहां पहुंचे सिपाही के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की लेकिन उसने उसे दबोच लिया। घायल हेड कांस्टेबल को उपचार के लिए सहारनपुर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य बाबूराम राठौर के बेटे संदीप कुमार ने शुक्रवार की दुपहर करीब पौने एक बजे अपनी स्कार्पियो कार बुग्गावाला चौराहे पर सड़क के बीच में ही खड़ी कर रखी थी। इसके कारण वहां जाम लग गया। यह देख ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल अमरीश कुमार ने उसे कार सड़क से हटाने को कहा तो आरोप है कि संदीप कुमार ने उतरते ही अमरीश का गिरेबान पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।