Saharanpur News: 15 जुलाई को सड़क हादसे में वांछित बदमाश नौमान की मौत हो गई थी। पुलिस ने नौमान के साथ रहे सावेज के हवाले से ये दावा किया था। अब घटना के वक्त नौमान के साथ मौजूद रही उसकी प्रेमिका ने थाने आकर पूरी बात बताई और तहरीर देकर जांच की मांग की।
शामली के वांछित बदमाश नौमान की ताताहेड़ी के पास सड़क हादसे में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया। सड़क हादसे को मौत का कारण बताया गया था, लेकिन अब नौमान की बहन ने कोतवाली में तहरीर देकर इसे सुनियोजित हत्या बताया है। परिजनों के साथ नौमान की प्रेमिका भी कोतवाली पहुंची, जिसने घटना के समय नौमान और उसके साथी सावेज के साथ होने का दावा किया है।
विज्ञापन
शामली के तितरवाड़ा गांव निवासी नौमान (28) की 15 जुलाई की रात ताताहेड़ी गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बदमाश की बाइक पेड़ से टकराई, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई और साथी सावेज घायल हो गया। उस समय घटनास्थल पर एक महिला की चप्पल और बालों में लगाने वाला क्लिप भी मिला। हालांकि पुलिस ने इसे सड़क हादसा बताया था। नौमान पर शामली और पानीपत जिले में कई मामले दर्ज थे। 10 जनवरी को कैराना पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वह बचकर निकल गया था।
प्रेमिका ने बताया पूरा घटनाक्रम, तब चला पता
शनिवार को नौमान की बहन नुसरत, पिता जाहिद, भाई नदीम, चाचा राशिद आदि के साथ कोतवाली पहुंची। उनके साथ नौमान की प्रेमिका भी थी। नुसरत की तरफ से दी गई तहरीर में बताया कि नौमान की प्रेमिका धोलापड़ा गांव की रहने वाली है। 15 जुलाई की रात नौमान ने अपनी प्रेमिका को मिलने के लिए घर से बाहर बुलाया था। विवाहित प्रेमिका रात करीब एक बजे अपने घर की करीब आठ फीट ऊंची दीवार फांदकर बाहर आई। नौमान अपने साथ काफी रुपये भी लेकर आया था। वह तीनों बाइक पर गांव धोलापड़ा और ताताहेड़ी रोड स्थित जंगल की तरफ चले गए।
आरोप है कि इसी दौरान गांव धोलापड़ा के कुछ युवकों ने उन्हें देख लिया और बाइक से पीछा किया, हालांकि वह बचकर निकल गए। तड़के करीब तीन बजे लौटते समय चार-पांच युवकों ने उन्हें रोकने के लिए नौमान पर रेत फेंका। उनसे बचकर भागते समय बाइक पेड़ से टकरा गई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने नौमान और प्रेमिका के साथ मारपीट की। इसमें प्रेमिका बेहोश हो गई थी।
तहरीर में बताया कि करीब डेढ़ घंटे बाद उसे सावेज ने उठाया। होश आने पर उसने नौमान का शव खून और मिट्टी से लथपथ पड़ा देखा। वह किसी तरह अपनी ससुराल पहुंची और बाद में परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। अगले दिन डर की वजह से सावेज ने भी इसे हादसा बता दिया। आरोप लगाया कि नौमान की हत्या की गई है।
प्रेमिका को मायके छोड़ गए ससुराल वाले
घटना के अगले दिन ही नौमान की प्रेमिका को उसके ससुराल वाले बिना चिकित्सा कराए ही उसके मायके छोड़ गए थे। इसके बाद प्रेमिका ने नौमान की बहन को पूरी बात बताई और उनके साथ कोतवाली चलने की बात कही थी। प्रेमिका का मायका हमजागढ़ में है, जहां नौमान की ननिहाल है।
ये बोले सीओ
प्राथमिक जांच में सड़क हादसे के कारण मौत लग रही थी। पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण चोट लगना आया था। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - शशिप्रकाश शर्मा, सीओ