गागलहेड़ी कस्बे में केरल से पहुंची युवती ने खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताते हुए निकाह रुकवा दिया। पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता को हिरासत में ले लिया। देर रात तक थाने में समझौते के प्रयास चल रहे थे।
गागलहेड़ी निवासी एक युवती की शादी दिलबहार पुत्र जुलफान निवासी शेरपुर थाना बिहारीगढ़ के साथ होनी थी। मंगलवार को दूल्हा जैसे ही बरात लेकर पहुंचा तो केरल के जिला अन्नाकुलम निवासी उसकी प्रेमिका ने आकर निकाह रुकवा दिया। उसका कहना था कि दिलबहार केरल में फर्नीचर का काम करता है। उसके साथ सात साल से संबंध हैं। उसने शादी का वादा कर रखा था, लेकिन बाद में आनाकानी करने लगा। दिलबहार से अपने संबंधों के फोटोग्राफ भी सभी को दिखाए। उसने बताया कि शादी से मना करने पर उसने 30 नवंबर को केरल के थाने में दिलबहार के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी।
मामला बिगड़ता देख दुल्हन के पिता व रिश्तेदारों ने दूल्हे दिलबहार और उसके पिता जुलफान को पुलिस के हवाले कर दिया। बरातियों को वापस भेज दिया। थाने लाकर पुलिस दूल्हे और उसके पिता से पूछताछ करने में लगी थी।
वहीं दूल्हे की प्रेमिका थाने में बैठी अपने प्रेमी के साथ जाने पर अड़ी थी। देर रात तक दूल्हा और दुल्हन पक्ष में समझौते के प्रयास चल रहे थे। पुलिस ने बताया कि तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।