सहारनपुर। जिलेवासियों के लिए अच्छी खबर है। एक और नई ट्रेन मिल गई है, जिसका संचालन सप्ताह में तीन दिन होगा। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर कैंट से संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन सहारनपुर में रात 8:18 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा।
सहारनपुर से अप-डाउन में करीब 153 ट्रेनों का संचालन होता है, जिनमें 35 से 40 हजार यात्री सफर करते हैं। नौ दिसंबर 2025 से सहारनपुर-गोमतीनगर के बीच वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन हो रहा है। इससे पहले देहरादून-आनंद विहार वंदेभारत और सहारनपुर-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरू हुई थी, जो नियमित चल रही है। शुक्रवार यानी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रेन नंबर 04686 संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
यह ट्रेन पहले दिन जालंधर कैंट से वाराणसी के बीच स्पेशल चलाई जाएगी। इसके बाद इस ट्रेन का नंबर 14624-25 होगा, जो पंजाब के छेहरटा-वाराणसी के बीच संचालित होगी। शुक्रवार को जालंधर कैंट से अपराह्न 3:40 बजे चलेगी, जो लुधियाना, अंबाला कैंट होते हुए सहारनपुर में रात 8:18 बजे तक आएगी। इसके बाद यहां से मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
ऐसे होगा संचालन
पंजाब के छेहरटा से ट्रेन बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलाई जाएगी। वापसी में वाराणसी से यह ट्रेन सोमवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को संचालित होगी। हालांकि, अभी वाराणसी से ट्रेन के चलने का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का स्वागत होगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।