पुलिस की चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हुई। चारों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस इनके बाकी साथियों की तलाश में जुटी है। ये बदमाश ट्रांसफार्मर और मंदिरों में चोरी करते थे।
कोतवाली देहात पुलिस की दो अलग-अलग जगहों पर बदमाशों से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में चार बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि दो भाग गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश ट्रांसफार्मर और मंदिरों में चोरी की घटना को अंजाम देते थे। इनके पास से हथियार और सामान भी बरामद हुआ है। इनमें से तीन बदमाश अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य हैं।
विज्ञापन
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शकलापुरी स्थित एक मंदिर में 17 व 28 सितंबर को चोरी हुई थी। शनिवार रात पुलिस मंशापुर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर दोनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस को करीब आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश शौकीन उर्फ कादिर उर्फ सुफियान निवासी उसंड थाना बेहट के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग गया। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, अवैध हथियार रखने के मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया है।
वहीं, दूसरी मुठभेड़ टपरी बाईपास पर हुई। देहात कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी गांव रामनगर की तरफ से शेखपुरा जाने वाली रोड पर एक कार आती दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देख कार सवार बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर मुबारिकपुर रोड के पास उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में मुजम्मिल निवासी मसावी थानाभवन शामली, सरफराज उर्फ सोनू निवासी गांव जौला जिला मुजफ्फरनगर व राजू उर्फ राजीव गांव हीण्ड को पैर में गोली लगी। तीन बदमाश अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। इनके पास से तमंचे 11 कारतूस, एक कार, ट्रासंफार्मर चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड़ में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।