देवबंद क्षेत्र की चौकी कचहरी निवासी जयप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी कि रविवार की रात करीब दस बजे उनका बेटा शिवा चार युवकों के साथ घर से बाहर गया था, जिनमें से वह तीन को जानते हैं। शिवा देर रात तक वापस नहीं लौटा। बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए जयप्रकाश ने अनहोनी की आशंका जताई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज की और तलाश शुरू कर दी। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन ने भी फोरेंसिक टीम के साथ देवबंद पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जांच का जायजा लिया।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक शिवा और हत्यारोपी दोस्त गहरे दोस्त थे। कुछ समय पहले उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद समझौता भी हो गया था। हालांकि, लगता है कि आरोपियों के मन में पुरानी रंजिश अभी भी बाकी थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने शिवा को घर से बुलाया और सुनसान खेत में ले जाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
फरार आरोपियों की तलाश
एसएसपी ने बताया कि मामले में एक मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। फरार चल रहे अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं जो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी देखें...
Saharanpur: हादसे का जिम्मेदार पटाखा फैक्टरी मालिक गिरफ्तार, धमाके में मृत दो युवकों का किया अंतिम संस्कार
चार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने मृतक के पिता जयप्रकाश की तहरीर पर जदौडा जट्ट गांव निवासी आदि, शास्त्री चौक निवासी सूर्यांश और गांधी कॉलोनी निवासी आकाश समेत चार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच में आया है कि नशे के दौरान उनके बीच विवाद हुआ था। मुख्य आरोपी तेजस के गिरफ्तार कर लिया गया है। जाम के दौरान कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की थी। स्थिति को समय रहते नियंत्रण में कर लिया गया। जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। -अभिनंदन सिंह, एसएसपी सहारनपुर।