देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से दो नाबालिग बहनों को लेकर जाने वाले दो भाइयों और उनके पिता के बाल भरी पंचायत में मुंडवा दिए गए। साथ ही गालीगलौज करते हुए मारपीट भी की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
बता दें, कि करीब 10 दिन पहले एक युवक अपने ही गांव की दो नाबालिग बहनों को बहला-फुसलाकर ले गया था। इस मामले में पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। हालांकि दोनों बहनें खुद ही घर पहुंच गई थीं। बताया जा रहा है कि इसके बाद बुधवार को गांव में समाज के लोगों के बीच पंचायत हुई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था। सजा के तौर पर युवक, उसके भाई और पिता के बाल मुंडवाए गए।
इसी दौरान वहां मौजूद किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में युवक हाथ जोड़कर खड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि कुछ लोग उसे गालियां देते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो तीन मिनट 11 सेकेंड का है।
ये बोले एसपी सिटी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो के आधार पर पहचान की जा रही है। इसके बाद सिर मुंडवाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज भी होगी।
- व्योम बिंदल, एसपी सिटी
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
दिसंबर 2025 में शादी से इनकार करने पर एक युवक को चप्पलों की माला पहना दी थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में थाना जनकपुरी पुलिस ने एक महिला समेत सात नामजद व पांच-छह अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। वर्ष 2018 में बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में पंचायत में छेड़छाड़ के आरोपी का मुंह काला कर जूतों की पहनाई गई थी। उसके बाल कटवाकर उससे दस हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला था। इसके बाद उसे एक साल के लिए गांव से निष्कासित भी किया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित के चाचा की तहरीर पर पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।
ये भी देखें...
Saharanpur: पुलिस कस्टडी में बहन की हत्या करने का आरोपी भाई गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग से था नाराज, ये है मामला