सहारनपुर जनपद के बेहट थानाक्षेत्र में गांव मांझीपुर निवासी लकड़ी व्यापारी आदित्य सैनी की स्कॉर्पियो कार पर रविवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बदमाशों ने ड्राइवर साइड की खिड़की के शीशे से सटाकर गोली चलाई और मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय आदित्य सैनी कार में मौजूद नहीं थे।
50 लाख की रंगदारी की मिल रही थी धमकी
आदित्य सैनी ने बताया कि उनकी हरियाणा के यमुनानगर लकड़ मंडी में आढ़त है। बीते दो महीनों से अज्ञात नंबर से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। कॉल करने वाला व्यक्ति 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग कर रहा था। इस संबंध में वे पहले ही एसएसपी से मिल चुके हैं और प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
घटना से पहले मिली थी चेतावनी
आदित्य ने बताया कि पांच दिन पहले फिर कॉल आई थी, जिसमें धमकी दी गई थी कि मांग पूरी न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। रविवार रात करीब सात बजे वे खाना खाने के बाद स्कॉर्पियो से भूकड़ी गांव के पास अपने निर्माणाधीन कांटे पर पहुंचे थे। सड़क पर गाड़ी खड़ी कर वे सामान देखने चले गए, तभी बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे।
ड्राइवर सीट के शीशे पर सटाकर चलाई गोली
बाइक स्टार्ट हालत में थी। पीछे बैठे बदमाश ने ड्राइवर सीट की खिड़की पर सटाकर गोली चलाई और दोनों फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।