पहले सात करोड़, फिर 17.29 करोड़ रुपये के मिले थे जाली नोट
29 अगस्त को नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे ने तहरीर देकर करेंसी चेस्ट में जाली नोट मिलने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें प्रबंधक अमित कुमार, सुशील कुमार और मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे के नाम शामिल थे। कोतवाली सदर बाजार में मामला दर्ज किया गया था।
शुरुआत में करेंसी चेस्ट में सात करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने की जानकारी सामने आई थी। अगले दिन यह आंकड़ा बढ़कर 17.29 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके बाद मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी।
तीन सितंबर को NIA ने अपने हाथ में ली जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सितंबर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच अपने हाथ में ले ली। इसके बाद एजेंसी ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें प्रबंधक अमित कुमार, चालक आदेश चौधरी, मुकेश कुमार, राजेंद्र कुमार, नीटू, अजय कुमार और हरीश रौंटा शामिल हैं। वहीं, नामजद आरोपी सुशील कुमार और रवि कुमार कांसे अभी एनआईए की पकड़ से बाहर बताए गए हैं।
अब तक नहीं पता चला जाली नोटों का स्रोत
करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के मामले में गिरफ्तारियां और कर्मचारियों के तबादले जैसी कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतनी बड़ी मात्रा में जाली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। जाली नोटों के स्रोत का पता लगाना जांच एजेंसी के सामने अहम सवाल बना हुआ है।