देवबंद के हाशिमपुरा गांव में पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। वांछित गोकश आशु उर्फ आस मोहम्मद पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की ओर से हुई जवाबी कार्रवाई में उसे दो गोली लगी हैं, जबकि उसका साथी फरार जो गया।
पुलिस के अनुसार, गोली लगने से घायल हुए आशु के विरुद्ध जनपद सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में एनडीपीएस व गोकशी के तीन मामले दर्ज हैं। देवबंद क्षेत्र के फुलास अकबरपुर गांव का रहने वाला आशु कई मामलों में वांछित चल रहा था। मंगलवार देर रात पुलिस टीम अकबरपुर गढ़ी रजवाहे की पुलिया पर चेकिंग कर रही थी, इस दौरान बाइक पर आ रहे दो लोगों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया और फरार हो गए।
पुलिस के पीछा करने के दौरान उनकी बाइक हाशिमपुरा रजवाहे की पुलिया पर फिसल गई। पुलिस ने पकड़ने के प्रयास किया तो उन्होंने फिर से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की और से की गई जवाबी कार्रवाई में आशु को पैर में दो गोली लगी हैं। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और बाइक बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी मुजफ्फरनगर निवासी दानिश है, जिसकी तलाश की जा रही है।