वेयर हाउस पर लगा सपा कार्यकर्ताओ का टेंट
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। ऑब्जर्वर के साथ निजी गाड़ी वेयरहाउस से निकलने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रोकने की कोशिश की तो चालक ने उसे तेजी से दौड़ा दिया। सपा कार्यकर्ताओं ने कुछ दूरी पर गाड़ी रुकवाकर गड़बड़ी की आशंका जताते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान जिलाधिकारी अखिलेश कुमार भी मौजूद थे।
पता लगने पर पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऑब्जर्वर के साथ संपर्क अधिकारी की गाड़ी है, जिस पर लिखा भी हुआ है। सपा कार्यकर्ताओं ने गाड़ी खुलवाकर देखी। इसके बाद शांत हुए।
ऐसी हुई घटना
घटना बुधवार सुबह करीब पौने 11 बजे की है। चुनाव ऑब्जर्वर के साथ जिलाधिकारी अखिलेश सिंह सेंट्रल वेयरहाउस की व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान वेयरहाउस के भीतर से एक निजी स्विफ्ट डिजायर कार को बाहर आते देखा। इस पर वहां मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चेकिंग के लिए गाड़ी को रुकवाने की कोशिश की। इस पर चालक ने गाड़ी तेजी से दौड़ा दी। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने गाड़ियों से कार का पीछा किया। कुछ दूरी पर कार को रोक लिया। इस दौरान चालक के साथ सपा कार्यकर्ताओं की कहासुनी भी हुई। कार की तलाशी लिए जाने पर उसके भीतर से कुछ नहीं मिला, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कार को भगाने के प्रयास में एक कार्यकर्ता चपेट में आने से बचा बमुश्किल बचा।
गड़बड़ की जताई आशंका
सपा के देवबंद प्रत्याशी कार्तिकेय राणा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध निजी गाड़ी की मौजूदगी वेयरहाउस के भीतर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे गड़बड़ी होने की आशंका है। कोई भी गाड़ी बिना चेकिंग नहीं जाने दी जाएगी।
संपर्क अधिकारी की थी गाड़ी
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि ऑब्जर्वर के साथ संपर्क अधिकारी की गाड़ी चलती है। सपा कार्यकर्ताओं को गलतफहमी हो गई थी। मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाकर तथा गाड़ी चेक कराकर मामला शांत करा दिया। वेयरहाउस पर सुरक्षा पूरी तरह चाक चौबंद है।
वेयर हाउस पर हंगामे के दौरान मौजूद सपा कार्यकर्ता- फोटो : SAHARANPUR