शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाती वन विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
शिवालिक वन प्रभाग की मोहंड रेंज के अन्तर्गत गांव टांडा मिश्री के निकट गन्ने के खेत में गुलदार के दो मृत शावक पड़े मिले। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने शवों को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सकों की टीम से उनका पोस्टमार्टम कराया।
ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह नौ बजे गांव के निकट शमशेर सिंह के गन्ने के खेत में शावकों के शव पड़े देखे। मौके पर किसानों की भीड़ लग गई। चर्चा होने लगी कि यदि इनकी मां आसपास हुई तो वह हमला कर सकती है। सूचना पर मोहंड रेंज अधिकारी लव सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शव सड़ चुके थे। टीम ने शवों को कब्जे में लिया और रेंज कार्यालय लौट गए।
डीएफओ शिवालिक श्वेता सेन, एसडीओ राकेश चन्द्र यादव भी मोहंड पहुंचे। देर शाम चिकित्सकों की टीम ने मोहंड गेस्ट हाउस पर वन अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों शावकों के शवों का पोस्टमार्टम किया। बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया। दरअसल, इस क्षेत्र में कई बार गुलदार देखा जा चुका है। शावकों की मौत का कारण क्या रहा, यह स्पष्ट नहीं हो सका।
डीएफओ श्वेता सेन ने बताया कि दोनों शावकों की मौत कई दिन पहले हो चुकी है। फिलहाल जांच की जा रही है।