डिप्टी सीएमओ डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि उन्होंने बेहट रोड स्थित स्टार पैलेस के सामने संचालित डॉ. यासमीन राव के क्लीनिक को सील किया गया था। इसके बाद से उन्हें धमकी दी जा रही है और अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सहारनपुर जिले में अपंजीकृत चिकित्सकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच नया मामला सामने आया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. कुनाल जैन ने एक व्यक्ति पर सील क्लीनिक खुलवाने का दबाव डालने और हनीट्रैप में फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इस मामले में जनकपुरी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
डिप्टी सीएमओ डॉ. कुनाल जैन ने तहरीर देकर बताया कि शिकायत पर बेहट रोड स्थित स्टार पैलेस के सामने संचालित डॉ. यासमीन राव के क्लीनिक की जांच की गई थी। 16 फरवरी को नोटिस जारी कर अभिलेख मांगे गए, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसी बीच एक अन्य व्यक्ति ने पहले कार्रवाई न करने का दबाव बनाया। इसके कुछ दिन बाद ही उसी व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर क्लीनिक को अनाधिकृत बताकर खबरें वायरल कर दीं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी से भी शिकायत की। 15 अप्रैल को डिप्टी सीएमओ डॉ. कुनाल जैन ने देहात कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर डॉ. यासमीन राव के क्लीनिक पर छापा मारा। अभिलेख न मिलने पर क्लीनिक को सील कर दिया। नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे गए। आरोप है कि इरशाद मुंडन नाम के व्यक्ति ने क्लीनिक की सील खुलवाने का दबाव बनाया। डिप्टी सीएमओ ने रंगदारी मांगने और धमकी देने के भी आरोप लगाए। जनकपुरी पुलिस ने इरशाद मुंडन के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
20 अप्रैल को भेजा महिला का वीडियो
डिप्टी सीएमओ के मुताबिक, 20 अप्रैल को एक चिकित्सक के जरिए उन्हें एक वीडियो भेजा गया, जिसमें महिला उन पर 50 हजार रुपये मांगने और अनुचित संबंध बनाने का आरोप लगा रही है। आरोप है कि यह वीडियो साजिश के तहत तैयार कराया गया, ताकि उन पर दबाव बनाया जा सके। महिला की वास्तविकता की जांच कराने की मांग की है।
ये बोले सीओ
डिप्टी सीएमओ की तरफ से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसमें एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जिस महिला की वीडियो वायरल की जा रही है, उसका भी पता लगाया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। - मनोज कुमार यादव, सीओ द्वितीय