देवबंद में सीएम योगी की सभा के मद्देनजर सभास्थल का निरीक्षण करते एडीजे जोन मेरठ भानु भास्कर। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को जिले को बड़ी विकास सौगात देंगे। देवबंद के जड़ौदा जट्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री करीब 2400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान लगभग 350 विकास योजनाओं को जनता के लिए समर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई है।
मुख्यमंत्री का सहारनपुर से विशेष लगाव रहा है। यही कारण है कि वह यहां सबसे अधिक बार आने वाले मुख्यमंत्रियों में शीर्ष पर हैं। बीते एक महीने में यह उनका दूसरा और पिछले तीन महीनों में तीसरा दौरा है, जिससे साफ है कि सहारनपुर विकास योजनाओं के लिहाज से सरकार की प्राथमिकता में बना हुआ है। कार्यक्रम के दौरान सहारनपुर विकास प्राधिकरण की मां शाकंभरी देवी आवासीय योजना का शिलान्यास किया जाएगा, जिसे जिले की बड़ी आवासीय परियोजनाओं में गिना जा रहा है।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग, जल निगम, स्मार्ट सिटी योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। प्रमुख परियोजनाओं में स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत ढमोला नदी पर बने पुल का लोकार्पण, दिल्ली रोड पर हसनपुर से चुन्हैटी तक सड़क का उद्घाटन और हसनपुर भलस्वा में निर्मित पुल का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा जल निगम की लगभग 105 करोड़ रुपये की परियोजना भी जनता को समर्पित की जाएगी, जिससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने चार अगस्त 2025 को भी सहारनपुर को 381 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी थी। लगातार हो रहे इन विकास कार्यों से जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है, वहीं रोजगार और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।
ये भी देखें...
गंगा एक्सप्रेसवे: यूपीडा ने जारी कीं टोल दरें, जानें कब शुरू होगी वसूली; 24 घंटे में गुजर रहे हैं 7000 वाहन