कॉलेज नहीं पहुंचीं तो परिजनों को हुई जानकारी
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों छात्राएं सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं, लेकिन कॉलेज नहीं पहुंचीं। स्कूल की ओर से परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद परिजनों ने छात्राओं की सहेलियों से जानकारी की। एक सहेली से पता चला कि दोनों पड़ोसी गांव में रहने वाले एक युवक से मिलने के लिए गई हैं। इसके बाद दोनों छात्राओं के परिजन युवक के घर पहुंच गए।
परिजनों को देखकर घबराईं दोनों छात्राएं
पुलिस के अनुसार युवक के घर का दरवाजा खटखटाने पर वह नहीं खुला। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। बताया गया कि दोनों छात्राएं उस समय मकान के अंदर थीं। बाहर भीड़ देखकर दोनों घबरा गईं। इसी दौरान युवक मौका पाकर छत के रास्ते वहां से निकल गया। इसके बाद दोनों छात्राओं ने जान देने का प्रयास किया।
एक छात्रा की मौत, दूसरी का उपचार जारी
दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलने पर परिजनों में से एक व्यक्ति पड़ोसी की छत के रास्ते मकान के अंदर पहुंचा। वहां दोनों छात्राएं गंभीर हालत में मिलीं। पुलिस को सूचना देकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया। दूसरी छात्रा का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।