कोतवाली सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक बैंक्वेट हॉल संचालक और उनके परिवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्हाट्सएप कॉल और वॉयस मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने कारोबारी के पुराने और वर्तमान मकानों की तस्वीरें भी भेजी हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अहमद बाग निवासी अमित गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह और उनका भाई सुमित गुप्ता का बैंक्वेट हॉल संचालक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन जुलाई की रात को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आईं, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके अगले दिन, चार जुलाई की रात को उनके छोटे भाई सुमित गुप्ता के मोबाइल पर उसी नंबर से आठ वॉयस मैसेज भेजे गए।
वॉयस मैसेज में आरोपी ने अपना नाम जीशान अख्तर बताया और खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का दावा किया। उसने कहा कि अमित गुप्ता उसका फोन नहीं उठा रहे हैं और उसे यह पैगाम देने को कहा कि वह उसका फोन उठाए। धमकी देने वाले ने हकीकत नगर स्थित उनके पुराने मकान और अहमद बाग स्थित वर्तमान मकान की तस्वीरें भी व्हाट्सएप पर भेजीं।
अमित गुप्ता और उनके भाई अहमद बाग स्थित मकान में साथ रहते हैं। मकानों की तस्वीरें भेजे जाने से परिवार को आशंका है कि कोई उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है और उन्हें जान-माल का खतरा है। उन्होंने तत्काल पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ द्वितीय मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस व्हाट्सएप नंबर और वॉयस मैसेज की जांच कर रही है। धमकी देने वाले की पहचान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की टीम इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए जुट गई है।