गांव छछरौली में दलित परिवार ने मुस्लिम समाज के कुछ लोगों पर मकानों के सामने निकाली जा रही घुड़चढ़ी रुकवाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उनका डीजे भी बंद करा दिया गया। पीड़ित पक्ष की तरफ से थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
नानौता थाना क्षेत्र के गांव छछरौली निवासी नाथीराम ने तहरीर देकर बताया कि 27 नवंबर को उसके बेटे मनोज की शादी समारोह के अंतर्गत रात में रिश्तेदारों व परिजन मिलकर घुड़चढ़ी निकाल रहे थे। जैसे ही गांव में मुस्लिम समाज के लोगों के घरों के आगे पहुंचे तो छह युवकों ने घुड़चढ़ी रुकवा दी। उन्होंने डीजे बंद करा दिया और अपने मकानों के आगे से निकलने से भी मना कर दिया। हालांकि वहां पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
आरोप लगाया कि शनिवार को शादी के बाद रस्म निभाते हुए परिजन ढोल बाजे के साथ देव स्थान पर जा रहे थे। तब भी रास्ते में आरोपियों ने फिर से ढोल बंद करवा दिया। विरोध करने पर उसके बेटे सहित उस पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। बचाव में आई परिवार की महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई।
उधर, मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि उनके घर में बीमार बुजुर्ग है, जिस कारण उन्होंने डीजे की आवाज कम करने के लिए कहा था। इस तरह से बेबुनियाद आरोप लगाना गलत है।
ये बोले एसपी
मामला कई दिन पुराना है। शिकायतकर्ता आकर मिले थे। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद जो उचित होगा, वो ही कार्रवाई होगी।
- सागर जैन, एसपी देहात