विजय शर्मा की फाइल फोटो और उसे पीटते आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
नागल के गांव भिक्कनपुर में पेड़ के विवाद में ट्रक ड्राइवर विजय शर्मा (38) पर लाठियों से हमला कर दिया गया। वह किसी तरह अपने घर पहुंचा, जिसने कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार सगे भाइयों समेत पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
परिजनों के अनुसार, विजय पिछले कुछ दिनों से घर पर ही था। करीब दो माह पहले एक पेड़ को लेकर पड़ोसी संतराम और उसके भाइयों के साथ झगड़ा हो गया था। खेत की मेड़ पर शीशम का पेड़ था, जो संतराम पक्ष ने काट लिया था। हालांकि उस समय दोनों पक्षों में फैसला हो गया था। आरोप है कि दूसरा पक्ष तभी से रंजिश रख रहा था। पिता प्रमोद शर्मा ने तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे विजय उनके मकान के सामने से गुजर रहा था, तभी आरोपियों ने लाठियों से हमला कर दिया।
वह किसी तरह जान बचाकर अपने घर पहुंचा और पत्नी रचना को घटना की जानकारी दी। थोड़ी देर बाद पत्नी उसके लिए पानी लेने गई। इसी दौरान विजय ने दम तोड़ दिया। नागल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संतराम, मेघराज, श्रवण, अमरनाथ और श्रवण के बेटे ईशू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
फुटेज में कैद है मारपीट की घटना
मारपीट की घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इसमें आरोपी पक्ष मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। विजय के परिवार में उसकी पत्नी, सात वर्ष का बेटा और पांच साल की बेटी है।
ये भी देखें...
Murder in Baghpat: परिवार की लड़की से अफेयर के शक में युवक की हत्या, गला घोंटकर चेहरा जमीन में गाड़ दिया