शोभित विश्वविद्यालय की बीटीसी छात्रा गांव कलालहटी निवासी आस्था (22) पुत्री राजकुमार की साइकिल में ओवरलोड जुगाड़ वाहन ने टक्कर मार दी। काफी दूर तक जुगाड़ छात्रा को घसीटता चला गया। लहूलुहान हालत में छात्रा को राहगीरों ने निजी चिकित्सक के यहां भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने जुगाड़ चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
आस्था बीटीसी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बुधवार सुबह वह विश्वविद्यालय जा रही थी। वह गांव के बाहर तालाब के पास पहुंची, तभी गंगोह की ओर से आ रहे ओवरलोड जुगाड़ ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह नीचे गिरकर जुगाड़ की चपेट में आ गई।
जुगाड़ वाहन के ब्रेक नहीं लग सके और वह काफी दूर तक उसके साथ घिसटती चली गई। ग्रामीणों ने देखकर शोर मचा दिया, लेकिन जब तक जुगाड़ रुका वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आस्था के पिता किसान हैं, एक बड़ा भाई है। सीओ गंगोह शशिप्रकाश शर्मा ने बताया कि जुगाड़ को कब्जे में ले लिया गया। छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।