गंगोह नगर के मोहल्ला छत्ता निवासी किसान विक्रम सिंह ने सात व्यक्तियों के खिलाफ 30 लाख रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किसान विक्रम सिंह ने बताया कि हाईवे निर्माण कार्य के चलते वर्ष 2022-23 में उन्हें सरकार से लगभग 34.50 लाख रुपये का मुआवजा प्राप्त हुआ था। इसी दौरान ग्राम बीनपुर निवासी बबलू शर्मा, विनोद शर्मा, संदीप और सुखपाल, गांव कम्हेड़ा निवासी करण सिंह एवं ओमबीरी और प्रवीण कुमार ने उनसे जान-पहचान बढ़ाई।
आरोपियों ने उसे क्रेडिट कार्ड बिजनेस में डेढ़ गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर फरवरी 2023 से जुलाई 2023 तक करीब 30 लाख रुपये अपने-अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। जब लंबे समय तक कोई लाभ नहीं मिला तो उन्होंने पैसा वापस मांगना शुरू किया। शुरुआत में विपक्षियों ने टालमटोल की, लेकिन बाद में पैसा देने से साफ इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगे।
विक्रम सिंह का आरोप है कि यह पूरा एक संगठित गिरोह है, जो भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता है। इन लोगों ने पूर्व में कई अन्य व्यक्तियों से भी बड़ी धनराशि हड़पी है। प्रार्थी का यह भी दावा है कि मुख्य आरोपी बबलू शर्मा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।