सहारनपुर। कोरोना वायरस संक्रमण से अपने माता पिता या दोनों में किसी एक को खोने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत सहायता राशि वितरित की गई। जिले के 119 बच्चों के बैंक खातों में 14.28 लाख रुपये की धनराशि ट्रांसफर कर दी गई है।
योजना के शुभारंभ पर जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराया गया। इस दौरान जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने प्रतीकात्मक रूप से 10 बच्चों को सहायता राशि वितरण के स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए। साथ ही बिस्कुट, टॉफी, नमकीन और शीतल पेय वाले गिफ्ट पैक भी बच्चों को दिए गए।
विधायक देवेंद्र निम और कुंवर ब्रजेश सिंह ने कहा कि कोरोना की वजह से बहुत से बच्चों के सिर से माता अथवा पिता का साया उठ गया। ऐसे बच्चों की उचित देखभाल के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शुरू की है।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि योजना के तहत 18 वर्ष की आयु तक राज्य सरकार बच्चों के लालन पालन की व्यवस्था करेगी। जिन बच्चों के माता पिता या अभिभावक नहीं हैं उनको बाल संरक्षण गृह में रखा जाएगा। चार हजार रूपये प्रतिमाह सहायता राशि के अलावा टैबलेट, लैपटॉप और शादी योग्य बालिकाओं के लिए एक लाख एक हजार रुपये की धनराशि योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, विधायक देवेंद्र निम एवं कुंवर बृजेश सिंह, महापौर संजीव वालिया, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर एस चन्नप्पा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, पूर्व विधायक महावीर राणा एवं राजीव गुंबर, जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
जनमंच में बाल सेवा योजना के तहत कोरोना से निराश्रित हुऐ बच्चो को प्रमाण पत्र के साथ राहत राशी प्र?- फोटो : SAHARANPUR