सहारनपुर। मंडल के यात्रियों को साल 2020 में उत्तरप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम बड़ा तोहफा दे सकता है। जहां सहारनपुर डिपो को नई भूमि मिलेगी, वहीं मुज्जफरनगर और शामली को लाखों की लागत से वर्कशाप मिलेगा। कैराना में बस अड्डे का तोहफा मिलेगा तो शामली के जलालाबाद से बसों को संचालन शुरू होगा।
उत्तरप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम सहारनपुर के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से यात्रियों को सुकून और आरामदायक यात्रा देने की कवायद की जा रही है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में बसों का बेड़ा तो बढ़ेगा ही, वातानुकूलित बसें भी बढ़ाई जाएंगी। अहम ये है कि सहारनपुर डिपो को नए साल में दिल्ली रोड पर आधुनिक नए बस अड्डा मिलने की पूरी संभावना है। प्रदूषण की समस्या और ब्रेकडाउन जैसी स्थिति को दूर करने के लिए मुज्जफरनगर डिपो और शामली डिपो के वर्कशाप को आधुनिक बनाया जा रहा है। शहर के बीचो-बीच ये दोनों डिपो के वर्कशाप हैं, जिन्हें दूसरी जगह ले जाकर प्रदूषण से शहर को बचाने का काम भी किया जाएगा। जो वर्कशाप बनाया जाएगा, वह पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। बसों की रवानगी से पूरी तरह से उनकी मेंटेनेंस होगी। जिससे रास्ते में बसें सफर के दौरान कहीं धोखा नहीं देंगी।
शामली के कैराना में नया बस अड्डा प्रस्तावित था, उसे मंजूरी दे दी गई है। 2020 के जनवरी में शामली के कैराना में बस अड्डे का भूमि पूजन हो जाएगा। इसके लिए करीब 17 लाख रुपये का बजट भी पास हो चुका है। वहीं शामली के जलालाबाद से बसों का संचालन किया जाएगा। जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। फिलहाल 33 बसों का संचालन जलालाबाद से शुरू होने जा रहा है।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बताते हैं कि नए साल पर क्षेत्रीय कार्यालय सहारनपुर अंतर्गत आने वाले जिलों के रोडवेज की स्थिति में काफी बदलाव होगा। यात्री सहूलियतें को लेकर कई चीजें जुड़ेंगी। निश्चित तौर पर मंडल अंतर्गत तीनों जिलों में रोडवेज काफी कुछ करने जा रहा है।