सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर शहर से सरसावा तक सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। जिस मार्ग से मुख्यमंत्री का काफिला निकला, उस पर हर 15 मीटर के दायरे में एक पुलिसकर्मी तैनात रहा। इसके अलावा यातायात व्यवस्था बनाने के लिए बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते बंद किए। ऐसे में लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ी।
सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला सरसावा एयरफोर्स से अंबाला रोड होते हुए सर्किट हाउस में पहुंचा। सर्किट हाउस गेट पर देहात कोतवाली प्रभारी कपिल देव सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पूरे मार्ग पर हर 15 मीटर में पुलिसकर्मी तैनात रहा। शारदा नगर, लेबर कॉलोनी, नवादा रोड, गलीरा रोड, जेजे पुरम, पंत विहार तिराहे, लेबर पुलिस चौकी पर बैरिकेडिंग लगाई गई।
इसके अलावा हसनपुर चंगी, आवास विकास, कोर्ट रोड, अस्पताल पुल, जीपीओ रोड पर भी बैरिकेडिंग लगाई। मुख्यमंत्री के सर्किट हाउस में पहुंचने और निकलने के दौरान यातायात रोका गया। सर्किट हाउस से मुख्यमंत्री गोगा म्हाड़ी पहुंचे। यहां से वापस सर्किट हाउस रोड, हसनपुर चुंगी, दिल्ली रोड, कोर्ट रोड, जीपीओ रोड होते हुए जनमंच प्रेक्षागृह पहुंचे। जनमंच प्रेक्षागृह के बाहर बस स्टैंड पर वाहन आगे नहीं जाने दिए।
-
भाजपा का झंडा लगी कार को उठाया
यातायात व्यवस्था बनाने के लिए सड़क किनारे खड़े वाहनों को यातायात पुलिसकर्मियों ने उठाया। रेलवे रोड पर भाजपा का झंडा लगी कार के अलावा तीन अन्य वाहनों को उठाकर थाने लाया गया। उसके बाद वाहन मालिकों को थाने में पहुंचाना पड़ा।
-
नगर निगम की टीम ने पकड़े कुत्ते
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में कोई लापरवाही न हो, इसलिए पुलिस-प्रशासनिक अलर्ट मोड़ पर रहे। नगर निगम की टीम ने रेलवे रोड पर बस स्टैंड के पास घूम रहे कुत्तों को पकड़ा। इसके बाद गाड़ी में भरकर निगम में लेकर पहुंचे।
-
जेल चुंगी से संचालित हुई रोडवेज बसें
मुख्यमंत्री के दौरे से सोमवार को रोडवेज बसें देहरादून रोड स्थित जेल चुंगी से संचालित हुई। अन्य दिनों में रोडवेज बसें रेलवे रोड से संचालित होती है। बस स्टैंड स्थानांतरित होने से यात्री भटकते रहे। रेलवे रोड बस स्टैंड के पूछताछ केंद्र से बार-बार अलाउंस होता रहा कि देहरादून, हरिद्वार, मेरठ की बसें जेल चुंगी से मिलेगी।