चिलकाना के गांव दौलतपुर में सड़क में भरे पानी से गुजरते ग्रामीण।
- फोटो : SAHARANPUR
जलभराव से बदहाल दौलतपुर की सड़कें
चिलकाना। क्षेत्र के दौलतपुर गांव में सड़कों पर जलभराव से लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर किए जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नही होने से जनता में रोष है।
दौलतपुर के ग्रामीण दो साल से गांव में नालियों के पानी की उचित निकासी नहीं होने से परेशानी झेल रहे हैं। ग्रामीण उच्च अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायत दर्ज करा चुके हैं लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीण निसार अहमद, राजेश, जुल्फान, इरफान, प्रवीन, राव शाहिद, नियामत अली, संदीप बाल्मीकि, सतीश कुमार आदि ने बताया कि दो सालों से नाले जाम बंद हैं, जिस कारण गांव का गंदा पानी सड़कों पर भरा रहता है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
राजकीय हाई स्कूल की प्रधानाचार्य मंजरी कनारी व महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार शास्त्री ने बताया कि स्कूलों की दूरी मात्र पांच सौ मीटर है, लेकिन रास्ता खराब होने के कारण बच्चे तीन किलोमीटर का चक्कर लगाकर आ रहे हैं। जिसमें मुख्यत: छात्राएं स्कूल नहीं पहुंच पा रही है। इस बारे में प्रधान प्रतिनिधि अफसर अली ने बताया कि गांव के नाले पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है, जिस कारण नाले का पानी सड़कों पर फैल रहा है। लेखपाल से पैमाइश कराकर नाले को ठीक कराया जाएगा।