कराता मार्ग का निरीक्षण करते मेयर व निगम अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। पुल जोगियान से नवाबगंज और पुरानी चुंगी तक तथा पुरानी चुंगी से नुमाइश कैंप स्थित भारत माता चौक तक सड़क का चौड़ीकरण होना है। इसके लिए सड़कों के दोनों ओर से स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण हटाया जाएगा। बुधवार को महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर लोगों से एक सप्ताह के भीतर खुद ही अतिक्रमण हटा लेने को कहा। ऐसा नहीं करने पर एक सप्ताह बाद अतिक्रमणकारियों से जुर्माना वसूलने तथा जबरन अतिक्रमण हटाए जाने की बात कही।
महापौर और नगरायुक्त ने अधिकारियों के साथ पहुंचकर सड़क के दोनों ओर बसे लोगों और व्यापारियों से बात करते हुए खुद ही अतिक्रमण हटा लेने को कहा। कुछ लोग खुद अतिक्रमण हटा लेने को राजी हो गए, मगर कुछ इधर उधर की बात करने लगे। महापौर ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण नहीं हटता है तो नगर निगम संबंधित लोगों से जुर्माना तो वसूलेगा ही साथ ही जबरन अतिक्रमण को भी हटाएगा। अतिक्रमण हटाने पर आने वाला खर्च भी संबंधित से ही वसूला जाएगा। महापौर ने कहा कि सड़क का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण होना है, जो शहरवासियों के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए भी अच्छा रहेगा। यह कार्य दो चरणों में होना है। पहले चरण में पुल जोगियान से पुरानी चुंगी तक तथा दूसरे चरण में पुरानी चुंगी से भारत माता चौक तक होगा। सड़क बनाने के साथ ही नाले और नालियों को भी दुरुस्त किया जाएगा। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि विद्युत निगम और टेलीफोन विभाग के अधिकारियों से सड़क के बीच में खड़े अपने खंभों को भी हटवाकर साइड में कराने को कहा गया है। इस दौरान मुख्य अभियंता (निर्माण) बीपी सिंह, एक्सईएन निर्माण आलोक श्रीवास्तव, प्रवर्तन दल प्रभारी बीएस नेगी, पार्षद रमेश छाबड़ा, विजय कालड़ा, अभिषेक अरोड़ा, नदीम, रिजवान जोगी, पिंकी गुप्ता, किशोर शर्मा, मुकेश गक्खड़ आदि मौजूद रहे।