गन्ना भवन पर प्रदर्शन करते रालोद कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
रालोद कार्यकर्ताओं ने किया धरना प्रदर्शन
सहारनपुर। पेराई सत्र शुरू होने के दो महीने बाद भी गन्ना मूल्य घोषित नहीं करने और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने से नाराज रालोद कार्यकर्ताओं ने गन्ना भवन पर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने डीसीओ कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मौजूदा पेराई सत्र के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल का गन्ना मूल्य घोषित करे।
सोमवार को गन्ना भवन पर धरना प्रदर्शन करते हुए जिलाध्यक्ष राव कैसर ने कहा की सरकार किसानों के प्रति संवेदनहीन है। पूरे देश में उत्तर प्रदेश की चीनी मिलों पर सबसे अधिक गन्ना मूल्य बकाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में 14 दिनों में गन्ना मूल्य भुगतान कराने का वादा किया था। सरकार में आने के बाद भाजपा इस वादे पर खरी नहीं उतर सकी है। उन्होंने कहा कि पेराई सत्र को शुरू हुए करीब दो महीने हो चुके हैं, लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया है। अभी तक गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं करना किसानों का उत्पीड़न है। राज्यपाल के नाम डीसीओ को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित करने और ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने की मांग की। इस दौरान चौधरी धीर सिंह, चौधरी अयूब हसन, हरपाल वाल्मीकि, शौकीन राणा, महावीर सैनी, राव जान मोहम्मद, पार्षद आसिफ, सुभाष चंद, सुरेंद्र, विशाल कांबोज, आरिफ मुखिया, राव शाकिर, राव अखलाक, राव शहजाद, संजय कंबोज, विकास सैनी आदि मौजूद रहे।