सहारनपुर के बड़गांव में हिंडन को जीवनदायिनी बनाने के लिए सांसद राघवलखन पाल शर्मा की पहल पर केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान सोमवार को बड़गांव पहुंचे।
उन्होंने पैदल ही हिंडन किनारे बसे कई गांवों का दौरा किया। हिंडन को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए विशेषज्ञों से मौके पर ही बातचीत की। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराने की रूपरेखा भी तैयार कराई।
बता दें कि अमर उजाला ने ‘जहर से जंग’ अभियान के साथ हिंडन सहित अन्य नदियों के प्रदूषण से गांवों में फैल रही बीमारियों का मामला प्रमुखता से उजागर किया था। अब केंद्र और सूबे में भाजपा की सरकार होने पर सांसद राघव लखनपाल सक्रिय हुए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने सीडीओ दीपक मीणा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित कई विभागों के 50 से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों के काफिले के साथ सोमवार को शिमलाना के बाद भगवानपुर गांव स्थित हिंडन नदी में बह रहे पानी के नमूने लिए।
नदी पर ही मौजूद लोगों से वार्ता करते हुए मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि विभाग गंगा सहित अन्य नदियों की सफाई के लिए दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि गंगा सफाई अभियान की तर्ज पर ही अब अन्य नदियों की सफाई का अभियान चलाया जाएगा।
यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने नदी के पानी की जांच के बाद ग्रामीणों को जल्द ही राहत दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि इस नदी में शहर के बीच बह रहे ढमोला एवं ड़िस्ट्रीलरी सहित कई कुटीर उद्योगों का गंदा पानी गिर रहा है इस कारण आसपास के गांवों में बसे लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है।
वे खतरनाक बीमारियों से जूझ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने सपना टाकीज के पास पांवधोई नदी और यमुना एक्शन प्लांट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ओपी वर्मा, सीड़ीओ दीपक मीणा ,प्रदूषण बोर्ड, चंड़ीगढ़ से आये ड़ायरेक्टर ए गोयल, एसडीएम देवबंद देवेन्द्र प्रतापसिंह, देवबन्द विधायक कुंवर ब्रिजेश सिंह, जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, विधायक देवेंद्र निम आदि मौजूद रहे।