शाकंभरी सिद्धपीठ में सुबह के समय आया पानी का तेज बहाव। श्रोत-श्रद्धालु
शाकंभरी/मिर्जापुर। शिवालिक पहाड़ियों पर हो रही बारिश के चलते शाकंभरी,बादशाही, शफीपुर, खुवासपुर व शाहपुर गाडा सहित सभी नदियों में सुबह समय पानी का तेज बहाव आ गया। इसके चलते इन सभी नदियों एवं रपटों से गुजरने वाले मार्गों पर घंटों आवागमन बंद रहा। सिद्धपीठ में भी सभी श्रद्धालुओं को भूरादेव पर ही रोक दिया गया।
बृहस्पतिवार सुबह छह बजे सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में शिवालिक पहाड़ियों पर बनी बाढ़ चौकी से सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह ने सायरन बजाकर सिद्धपीठ में रात्रि में रुके हुए श्रद्धालुओं को अलर्ट कर दिया। भूरादेव बाढ़ चौकी पर तैनात पुलिस को भी अलर्ट करते हुए श्रद्धालुओं को भूरादेव पर ही रोक दिया था।
इसके अलावा गांव शफीपुर, बादशाहीबाग, पाडली, शाहपुर गाड़ा नदी में भी पानी का तेज बहाव आ गया, जबकि गांव शाहपुर गाडा एवं पाडली नदी के किनारों पर किसानों की उपजाऊ भूमि में भारी कटाव हो गया है। गांव खुवासपुर की नदी में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग से गांव के बंद हुए रास्ते का एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने लोनिवि के अधिशासी अधिकारी के साथ निरीक्षण किया।