सहारनपुर। 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आज यानी बृहस्पतिवार को जनमंच प्रेक्षागृह में होगी। डीएम की अध्यक्षता में होने वाली बैठक के लिए शिक्षा विभाग ने सीटिंग प्लान तैयार किया है।
समीक्षा बैठक सुबह 10 बजे से होगी। जिसमें सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, सभी प्रभारी और सदस्य, जनपदीय सचल दल, नोडल अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में शामिल होने वाले अधिकारियों के लिए सीटिंग प्लान तैयार किया गया है। टेबल नंबर एक पर तहसील सदर, टेबल नंबर दो पर तहसील बेहट, टेबल नंबर तीन पर तहसील देवबंद, टेबल नंबर चार पर तहसील नकुड़, टेबल नंबर पांच पर तहसील रामपुर मनिहारान, टेबल नंबर छह पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और विभागीय पर्यवेक्षक, टेबल नंबर सात पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा टेबल नंबर आठ पर सचल दल के सदस्य, नोडल अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी। सभी को साढ़े नौ बजे तक जनमंच में पहुंचकर उपस्थिति पंजिका में उपस्थिति दर्ज करनी होगी।
परिचय पत्र नहीं बनने से डीएम नाराज
यूपी बोर्ड परीक्षाओं के कक्ष निरीक्षकों एवं परीक्षा संबंधी कार्य करने वाले अन्य शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के परिचय पत्र बनाए जाने हैं। सभी शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं अशासकीय वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को परिचय पत्र बनाने के लिए कहा गया था। मगर ज्यादातर विद्यालयों ने ऐसा नहीं किया है। इस पर डीएम आलोक कुमार पांडेय ने नाराजगी जताई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने तीन दिन के भीतर परिचय पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। परिचय पत्र जीआईसी के प्रधानाचार्य महावीर सिंह और डीआईओएस कार्यालय के लिपिक अरविंद कुमार से प्रतिहस्ताक्षरित कराने होंगे।
25 तक ठीक कराएं त्रुटियां
यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों के विवरणों की त्रुटियों में सुधार के लिए 25 फरवरी तक का समय दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अपने परीक्षार्थियों के विवरण की त्रुटियां 25 फरवरी तक ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।