राजस्व टीम ने हरियाणा के खनन माफिया की जेसीबी पकड़ी
बेहट (सहारनपुर)। राजस्व टीम ने यमुना नदी में रसूली घाट पर यूपी की सीमा में अवैध खनन कर रहे हरियाणा के खनन माफिया की एक जेसीबी पकड़ी है, जबकि अन्य मशीनों एवं वाहनों को उनके चालक लेकर फरार हो गए। टीम ने जेसीबी मशीन को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
तहसीलदार प्रकाश सिंह ने बताया कि शनिवार को राजस्व टीम यमुना नदी में स्थित गांव रसूलपुर उर्फ रसूली के खसरा नंबर एक के निरीक्षण के लिए गई थी। इस दौरान हरियाणा के खनन माफिया द्वारा यमुना नदी में तीन जेसीबी मशीन, दो डंपर, चार ट्रैक्टर ट्रालियों से यूपी की सीमा में अवैध खनन कर हरियाणा की ओर भेजा जा रहा था। टीम को देखकर एक जेसीबी मशीन को उसका चालक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जबकि अन्य मशीनों व वाहनों के चालक अपने-अपने वाहनों को लेकर फरार हो गए। टीम ने पकड़ी गई मशीन को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मौके पर की गई पैमाइश में आरबीएम का 9810 घनमीटर अवैध खनन किया जाना पाया गया। खनन निरीक्षक एजाज खान ने हरियाणा के खनन माफिया के खिलाफ कोतवाली बेहट में यमुना नदी में यूपी की सीमा में अवैध खनन किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।