सहारनपुर। मृतक आश्रित से नौकरी लगवाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में नगर निगम के कर विभाग के राजस्व निरीक्षक जयविंद्र सिंह को शासन से निलंबित कर दिया है। पीड़ित की शिकायत पर नगरायुक्त ने राजस्व निरीक्षक पर कार्रवाई के लिए शासन से निलंबन की संस्तुति की थी।
नगर निगम सहारनपुर में कार्यरत रही राजस्व निरीक्षक पूनम की सेवाकाल के दौरान गत सात मई 2021 को मृत्यु हो गई थी। पूनम के पति नवीन ने मृतक आश्रित के रूप में नियुक्ति पाने के लिए निगम में आवेदन किया था। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक जयविंद्र सिंह ने पूनम के पति नवीन से नियुक्ति कराने के लिए रिश्वत की मांग की थी। नवीन ने राजस्व निरीक्षक जयविंद्र से फोन पर हुई वार्ता की ऑडियो रिकॉर्डिंग पैन ड्राइव के माध्यम से नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लते हुए नगरायुक्त ने अक्तूबर 2021 में जयविंद्र के निलंबन के लिए शासन को पत्र लिखा था। नगरायुक्त की संस्तुति पर जयविंद्र को निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण की जांच के लिए शासन ने नगर निकाय निदेशालय के सहायक निदेशक लेखा उपेंद्र तिवारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
शासन के स्तर से राजस्व निरीक्षक को निलंबित किया गया है। ऐसे में ऐसा करने की सोचने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सचेत हो जाना चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को चाहिए कि ऐसा कोई भी काम ना करें, जिससे निगम की छवि धूमिल हो। यदि किसी के भी खिलाफ इस तरह की शिकायत मिलती है तो वह कार्रवाई कराने में देर नहीं करेंगे।
- ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त