सहारनपुर। अवैध खनन में संलिप्तता पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सदर ने सोमवार रात चिलकाना क्षेत्र में पठेड़ खनन चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान खनन ड्यूटी में मिलीभगत व लापरवाही पर संग्रह अमीन को निलंबित किया, जबकि सीजनल संग्रह अमीन की सेवाएं समाप्त कर ब्लैकलिस्ट किया। दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए एसएसपी से सिफारिश की गई है।
एसडीएम सदर सुबोध कुमार ने अवैध खनन व परिवहन की रोकथाम के लिए सोमवार देर रात चिलकाना क्षेत्र में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खनन सामग्री से भरे दो डंपरों को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि दोनों वाहनों के पास खनन परिवहन से संबंधित कोई वैध प्रपत्र मौजूद नहीं थे। इतना ही नहीं वाहनों पर न तो नंबर प्लेट लगी थी और न ही माइनिंग टैग। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए दोनों डंपरों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान खनन ड्यूटी में लापरवाही और मिलीभगत सामने आने पर संग्रह अमीन यशवंत सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं, सीजनल संग्रह अमीन सुभाष कुमार की सेवाएं समाप्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल संदीप कुमार और मनमोहन के खिलाफ भी लापरवाही और मिलीभगत के आरोप में एसएसपी को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
एसडीएम सदर सुबोध कुमार ने बताया कि दोनों वाहन स्वामियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले खनन वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।