रामपुर मनिहारान(सहारनपुर)। बहन की शादी के कार्ड बांट कर घर लौट रहे बाइक सवार युवकों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव शहाकपुर हस्तिनापुर जिला मेरठ निवासी बाबी(22) पुत्र कंवरपाल व काला पुत्र सुभाष बाइक से सहारनपुर के एक गांव स्थित रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटकर दिल्ली रोड हाईवे से लौट रहे थे। जब वह शाम करीब पांच बजे रामपुर मनिहारान थाने के गांव नंदपुर के पास पहुंचे तो रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने काला (19) पुत्र सुभाष को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना रामपुर के एसआई करन नागर ने मौके पर पहुंच शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई है। घटना के बाद रोडवेज बस चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि रोडवेज बस का नंबर ट्रैस कर लिया गया है। उसे पकड़ लिया जाएगा। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।